
गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पटपरगंज रोड पर ज्वालारानी मंदिर के पास रविवार देर रात करीब 10 बजे गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक से मिशन स्कूल से डीजे का काम देखकर अपने घर लौट रहे थे। पटपरगंज रोड पर सामने से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने अमरजीत पुत्र प्रकाश (15) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कमलेश पुत्र घनश्याम (25) और सूरज पुत्र राजाराम (24) की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मृतक अमरजीत और घायल सूरज जैतपुर गांव के खेमपुर मजरे के निवासी हैं, जबकि कमलेश चौबेपुर गांव के चक्रशूल का रहने वाला है। अमरजीत चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी बड़ी बहन शिवानी और भाई प्रमोद की शादी हो चुकी है, जबकि तीसरे भाई दीपराज की शादी नहीं हुई है। पिता मजदूरी करते हैं और मां शांता देवी गृहिणी हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।