
गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग गांवों में मार-पीट में पुलिस ने एक महिला सहित 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पहली घटना में थाना क्षेत्र के कटरा भोग चंद्र गांव निवासी ऊषा गुप्ता ने बताया कि शिवदयालगंज में उनकी दुकान है। रविवार शाम करीब चार बजे टेढ़ी पुलिया निवासी अशोक यादव, शिवम यादव, विनय यादव और भुर्रे यादव दुकान के सामने किसी से विवाद कर रहे थे। दुकान के सामने झगड़ा करने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे अतुल गुप्ता को भी मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।दूसरी घटना काजीपुर गांव की है। गांव निवासी विकास धोबी ने बताया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे वह ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई कराने जा रहे थे। इसी दौरान गांव के प्रदीप कुमार प्रजापति, तुलसीराम और प्रदीप की मां ने ट्रैक्टर खेत में ले जाने से मना कर दिया। विरोध करने पर तीनों ने लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।तीसरी घटना तुलसीपुर माझा के बलुहा गांव की है। संदीप कुमार सिंह ने बताया कि रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह घर से चौराहे की तरफ जा रहे थे। रास्ते में गांव के धर्मेंद्र सिंह, जनार्दन सिंह, माखन सिंह और विशाल सिंह ने पुरानी रंजिश को लेकर लाठी-डंडों और किसी नुकीली वस्तु से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे अंकित सिंह और चंद्रशेखर सिंह को भी आरोपियों ने पीट दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।सीओ डॉ. यूपी सिंह ने बताया कि तीनों घटनाओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामलों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।