जिले के तरबगंज में छठ पूजा महापर्व श्रद्धा और धूमधाम से मनाया जा रहा है। शाम 4:00 बजे शुरू हुए आयोजन में तरबगंज क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।तरबगंज नगर पंचायत के परमहंस मंदिर पर टेढ़ी नदी के तट पर और ग्राम पंचायत पथार के अमृत सरोवर, ग्राम पंचायत सेजिया घाट पर बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। उन्होंने सूर्य देव और छठी माता की पूजा अर्चना कर परिवार के सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महिलाएं सूप में प्रसाद, फल और पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचीं। शाम 6:00 बजे तक पूजा अर्चना का सिलसिला चला रहा।इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सीओ उमेश्वर प्रभात सिंह ने बताया कि सभी स्थानों पर पुलिस के महिला व पुरुष जवान तैनात रहे।वहीं छठ पूजा के कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रेम नारायण पांडे भी शामिल हुए। विधायक ने घाटों पर पहुंचकर व्रती महिलाओं से मिलकर उनका हालचाल जाना, पूजा-अर्चना की व्यवस्था का जायजा लिया और छठी माता से क्षेत्र के सभी परिवारों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने विधायक के पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने कहा कि विधायक प्रेम नारायण पांडे हमेशा धर्म, संस्कृति और लोक आस्था के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और क्षेत्र के विकास के साथ-साथ धार्मिक आयोजनों के लिए भी सदैव तत्पर रहते हैं। उनके सरल, सौम्य और जनसेवक स्वभाव के कारण वे क्षेत्र की जनता के दिलों में विशेष स्थान रखते हैं।आपको बता दें कि व्रती महिलाएं सोमवार सुबह उगते सूरज को पूजा अर्चना करेंगी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रमोद यादव ने बताया कि पंचायत के टेढ़ी नदी घाट पर प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई की व्यवस्था कराई गई है। जिससे किसी भी व्रती महिला को दिक्कत का सामना न करना पड़े।